गाजीपुर।
भांवरकोल थाना क्षेत्र के जसदेवपुर मोड़ के पास गुरुवार की तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी।
जानकारी के अनुसार भलूहीपुर दुर्गा स्थान थाना आरा जनपद भोजपुर आरा निवासी सुदामा पांडेय (50) पेशे से मिस्त्री था। वह भांवरकोल क्षेत्र के विभिन्न गांवों में घूमकर खराब पड़े कूकर आदि की मरम्मत का काम करता था। रोज की तरह आज भी साइकिल से क्षेत्र में निकला था। शाम को वापस लौट रहा था। इसी दौरान करीब चार बजे जसदेवपुर मोड़ के पास भरौली की तरफ से रहे तेज रफ्तार वाहन टक्कर मारता हुआ फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल होने की वजह से अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने घटना की जनकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष बागीश विक्रम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। दुर्घटना की जानकारी परिजनों दी गई है। उनके आने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।