राजनीति

उत्तरप्रदेश विधान परिषद की 36 सीटों के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान

उत्तरप्रदेश विधान परिषद की 36 सीटों के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान

लखनऊ।

उत्तर प्रदेश विधान परिषद में स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र के 36 सदस्यों के चुनाव के लिए कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। यह चुनाव दो चरणों में होगा। पहले चरण में 29 क्षेत्रों की 30 सीटों के चुनाव की अधिसूचना चार फरवरी को जारी होगी। मतदान तीन मार्च को होगा।

दूसरे चरण की छह सीटों के लिए अधिसूचना 10 फरवरी को जारी होगी जबकि मतदान सात मार्च को होगा। मतगणना एक साथ 12 मार्च को होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया।

पहले चरण में नामांकन पत्र चार फरवरी से 11 फरवरी के बीच भरे जाएंगे। 14 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी 16 को नाम वापस लिए जा सकते हैं। तीन मार्च को मतदान सुबह आठ से शाम चार बजे तक होगा। इसी प्रकार दूसरे चरण की अधिसूचना 10 फरवरी को जारी होगी। 17 फरवरी तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे।

18 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 21 को नाम वापस लिए जा सकते हैं। सात मार्च को मतदान होगा। दोनों चरणों की मतगणना एक साथ 12 मार्च को होगी। स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र की इन सीटों का मतदान विधान सभा चुनाव के छठे व सातवें चरण के मतदान वाले दिन ही हो रहा है। सौ सीटों वाली विधान परिषद में स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों की 36 सीटें यहां राजनीतिक दलों का गणित बदल देती हैं।

वर्ष 2016 के चुनाव में समाजवादी पार्टी की 31 सीटें आईं थीं। दो सीटों पर पर बसपा जीती थी। रायबरेली से कांग्रेस के दिनेश प्रताप सिंह जीते थे। बनारस से बृजेश कुमार सिंह व गाजीपुर से विशाल सिंह ‘चंचल’ चुने गए थे। दिनेश प्रताप सिंह बाद में भाजपा में शामिल हो गए। यह चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भाजपा इसमें अधिक से अधिक सीटें जीतकर विधान परिषद में बहुमत हासिल करना चाहेगी, जबकि सपा अपनी सीटें बचाने में जुटेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button